गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास ग्राम पंचायत में सोमवार देर रात करीब 10 बजे फायरिंग की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। गजराज पुरवा गांव में भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को गोली मार दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह हमला आपसी विवाद और चुनावी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है।
गंभीर हालत में भूपेंद्र सिंह
गोली भूपेंद्र सिंह के पेट में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से हालत नाजुक होने पर पहले गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
भूपेंद्र सिंह स्थानीय राजनीति में सक्रिय माने जाते हैं और उनका परिवार भी राजनीतिक रूप से जुड़ा हुआ है। उनकी पत्नी अनामिका सिंह जिला पंचायत सदस्य हैं, जबकि वे खुद आने वाले प्रधानी चुनाव की तैयारी में जुटे थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी कहासुनी और चुनावी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में हंगामा
घायल को जब गोंडा मेडिकल कॉलेज लाया गया, तो वहां मौजूद कुछ लोगों और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि साथ आए लोगों ने गार्डों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे गार्डों में नाराजगी फैल गई। सुरक्षा कर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए और अस्पताल परिसर में उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए।