कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव तय हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद का नेता घोषित कर दिया। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अटकलों पर विराम लग गया। सुवेंदु अधिकारी आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद यह पहला मौका है, जब पार्टी बंगाल की सत्ता संभालने जा रही है। इसी के साथ तृणमूल कांग्रेस के 15 साल लंबे शासन का अंत हो गया है। भाजपा इसे बंगाल की राजनीति में नए दौर की शुरुआत बता रही है।
सुवेंदु अधिकारी इस चुनाव में भाजपा के सबसे प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। उन्होंने भवानीपुर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर राजनीतिक हलकों में बड़ा संदेश दिया। इससे पहले 2021 में भी वह नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को मात देकर चर्चा में आए थे। भाजपा की रणनीति में सुवेंदु अधिकारी को बंगाल में संगठन और चुनावी अभियान का अहम चेहरा माना गया। उनकी जीत को पार्टी कार्यकर्ता बदलाव की राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे PM मोदी और बड़े नेता
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा और NDA के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
PM मोदी के स्वागत में सुवेंदु का पोस्ट
शपथ ग्रहण से पहले सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार भाजपा सरकार का गठन होना पार्टी संस्थापकों के सपनों को पूरा करने जैसा है।
सुवेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में यह भी कहा कि बंगाल अब विकास, शांति और ‘डबल इंजन’ सरकार के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। भाजपा नेताओं का दावा है कि राज्य में अब तेज विकास और बेहतर प्रशासन को प्राथमिकता दी जाएगी।