चंडीगढ़| आम आदमी पार्टी को पंजाब में एक और राजनीतिक झटका लगा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान बीजेपी नेताओं ने इसे पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव बताया।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर कसा तंज
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। पंजाब कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर ज्ञान सिंह मान की तस्वीर साझा करते हुए तंज भरा पोस्ट किया। कांग्रेस ने लिखा कि AAP अब अपने सांसदों के साथ-साथ परिवार के लोगों को भी संभाल नहीं पा रही है।
पहले भी AAP को लग चुका है बड़ा झटका
दरअसल, पिछले महीने आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो गए थे। इनमें से छह सांसद पंजाब से राज्यसभा पहुंचे थे। इसके बाद अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी रिश्तेदार का बीजेपी में शामिल होना पंजाब की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गया है।
BJP बोली- पंजाब में लगातार मजबूत हो रही पार्टी
पंजाब बीजेपी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि राज्य में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। बीजेपी का दावा है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भरोसा अब पार्टी से उठता जा रहा है। बीजेपी नेताओं ने कहा कि ज्ञान सिंह मान का पार्टी में शामिल होना इस बात का संकेत है कि पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।