नई दिल्ली| पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद दिल्ली में जश्न का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में अपने मंत्रिमंडल के साथ ‘झालमुरी’ और ‘रसगुल्ला’ के साथ जीत का जश्न मनाया।चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकप्रिय बनाए गए बंगाली स्नैक ‘झालमुरी’ इस जश्न का खास आकर्षण रहा। मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों ने इसे खाकर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत का जश्न मनाया।
सीएम रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा का विस्तार लगातार हो रहा है। उन्होंने कहा कि असम में हैट्रिक जीत के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी पार्टी ने पहली बार सत्ता हासिल कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने बंगाल की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जीत बदलाव की चाह और जनता के विश्वास का परिणाम है। सीएम ने कहा कि राज्य में लंबे समय से भय और दबाव की राजनीति का माहौल था, लेकिन इस बार लोगों ने निर्णायक जनादेश दिया है।
गौरतलब है कि रेखा गुप्ता ने चुनाव प्रचार के दौरान पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियां और रोड शो किए थे। खड़गपुर और दुर्गापुर समेत कई क्षेत्रों में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए थे और दावा किया था कि बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। अब नतीजों के साथ बीजेपी ने राज्य में पहली बार सत्ता हासिल कर नई राजनीतिक शुरुआत की है।