कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और 293 सीटों के रुझान सामने आने के बाद राज्य में सियासी तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। रुझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी 193 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) करीब 95 सीटों पर सिमटती दिख रही है। कांग्रेस इस बार भी खाता खोलने में नाकाम नजर आ रही है।
इन रुझानों के बीच ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की विदाई तय मानी जा रही है। अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो बीजेपी पहली बार पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने जा रही है, जो राज्य की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव होगा।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी संकेत दिए हैं कि पार्टी राज्य में स्थानीय चेहरे को ही मुख्यमंत्री बनाएगी। इससे यह साफ है कि बीजेपी बंगाल में क्षेत्रीय नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम राज्य की लंबे समय से चली आ रही राजनीति में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। पिछले डेढ़ दशक से सत्ता में रही टीएमसी के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी और संगठनात्मक मजबूती के दम पर बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं, चुनाव के दौरान उठे कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और विकास जैसे मुद्दों ने भी मतदाताओं के रुझान को प्रभावित किया है। अब सभी की नजरें अंतिम नतीजों पर टिकी हैं, जो जल्द ही सामने आने वाले हैं।