पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही बीजेपी सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। अब वह जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। खास बात यह रही कि विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे।
कल कोलकाता में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
राज्यपाल से सरकार गठन का न्योता मिलने के बाद शनिवार सुबह 11 बजे कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधानसभा चुनाव में बीजेपी को दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत मिला है और पहली बार पश्चिम बंगाल में पार्टी की सरकार बनने जा रही है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
17वीं विधानसभा भंग, ममता सरकार का हुआ अंत
इससे पहले 7 मई को राज्यपाल ने पश्चिम बंगाल की 17वीं विधानसभा भंग कर दी थी। इसके साथ ही ममता बनर्जी सरकार का कार्यकाल भी समाप्त हो गया। ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया था, लेकिन विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद नई सरकार के गठन का रास्ता खुल गया। अब शनिवार को शुभेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
क्यों मजबूत हुई शुभेंदु अधिकारी की दावेदारी
शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी की जीत का सबसे बड़ा चेहरा माना जा रहा है। उन्होंने 2021 में नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराया था और इस बार भवानीपुर में भी उन्हें मात देकर अपनी राजनीतिक ताकत साबित की। बीजेपी की ऐतिहासिक जीत में उनकी रणनीति और संगठन क्षमता को अहम माना जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर लंबे समय तक सक्रिय रहने के साथ-साथ शुभेंदु अधिकारी के पास प्रशासनिक अनुभव भी है। पार्टी नेतृत्व, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भरोसा भी उनके पक्ष में बड़ा कारण माना जा रहा है।