कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने 13 साल पुराने एक मामले में नोटिस जारी किया है। दिल्ली पुलिस की टीम सोमवार को कोलकाता स्थित उनके आवास पहुंची और उन्हें नोटिस सौंपा। पुलिस ने ममता बनर्जी को इस मामले में गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में आरोपी नहीं हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला अप्रैल 2013 का है, जब ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल के तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ दिल्ली पहुंची थीं। उस दौरान तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल तत्कालीन योजना आयोग के मुख्यालय के पास प्रदर्शन कर रहा था। यह प्रदर्शन पश्चिम बंगाल में एसएफआई (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के एक कार्यकर्ता की मौत के विरोध में किया जा रहा था।
इसी दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं ने तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की थी। उनका कुर्ता भी फट गया था। घटना के दौरान ममता बनर्जी भी मौके पर मौजूद थीं। इसके बाद दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मामला दर्ज किया गया था।
अब 13 साल बाद दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जांच के सिलसिले में ममता बनर्जी का बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में पीड़ितों और गवाहों के बयान दर्ज किए जाने हैं। इसी प्रक्रिया के तहत ममता बनर्जी को नोटिस दिया गया है। उनसे अपनी सुविधानुसार जांच में शामिल होकर बयान दर्ज कराने को कहा गया है।