नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई है। सेक्टर-63 स्थित एक गारमेंट कंपनी की बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी इमारत से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। बिल्डिंग से निकलते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में दो लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली। इसके बाद दमकलकर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत की। कंपनी में कपड़े और गारमेंट्स से जुड़ा सामान होने के कारण आग के तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आधिकारिक ब्योरा सामने आना बाकी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका की पुष्टि होने पर ही इसे आग का कारण माना जा सकेगा।