महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ठाणे के ज्यूपिटर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें पिछले एक दिन से हल्का बुखार, शरीर में सुस्ती और बदन दर्द की शिकायत थी। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनका रूटीन मेडिकल चेकअप किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, शिंदे की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। हाल के दिनों में एकनाथ शिंदे उस समय सुर्खियों में आए थे, जब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद उनके गुट में शामिल हो गए थे। इस घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी।
सांसदों के शामिल होने पर शिंदे ने कहा था, “आज हमारे साथ छह सांसद जुड़े हैं। अब एक नहीं, छह टाइगर हमारे साथ हैं। हम कोई ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते। सभी संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ये सांसद हमारे साथ आए हैं।” उन्होंने आगे कहा था, “ऑपरेशन टाइगर पूरी तरह सफल हो चुका है। चार साल पहले 40 विधायकों के साथ हमने जो कदम उठाया था, उसका उद्देश्य बालासाहेब ठाकरे के विचारों को आगे बढ़ाना था। अब यह उसका दूसरा अध्याय है।”
एकनाथ शिंदे पिछले कुछ वर्षों से महाराष्ट्र की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। शिवसेना में बगावत के बाद उन्होंने अपना अलग गुट बनाया, मुख्यमंत्री बने और वर्तमान में राज्य के उपमुख्यमंत्री हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, उनके नेतृत्व में कई नेता और जनप्रतिनिधि शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हुए हैं।