पटना: नीतीश कुमार की सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक मंगलवार को राजधानी पटना में भावुक माहौल के बीच आयोजित हुई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्रिपरिषद को संबोधित करते हुए अपने कार्यकाल और राज्य के विकास कार्यों को याद किया। कैबिनेट मीटिंग में संबोधन के दौरान नीतीश कुमार भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने की पूरी कोशिश की है और आने वाली सरकार को भी वे मार्गदर्शन देते रहेंगे।
करीब पांच मिनट के अपने संक्षिप्त भाषण में उन्होंने सभी मंत्रियों का सहयोग के लिए आभार जताया और राज्य के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी अपने विचार रखे। दोनों नेताओं ने नीतीश कुमार के नेतृत्व और अनुभव की सराहना करते हुए उनके योगदान को ऐतिहासिक बताया। इस दौरान बैठक में मौजूद कई मंत्री भी भावुक नजर आए और माहौल काफी गंभीर बना रहा।
अगला मुख्यमंत्री कौन?
राजनीतिक गलियारों में अब बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। वे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं और वर्तमान में गृह विभाग संभाल रहे हैं।
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेतृत्व कोई चौंकाने वाला फैसला भी ले सकता है, जैसा हाल के दिनों में राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश में देखने को मिला था।
आगे की सियासत पर नजर
नीतीश कुमार के इस बयान के बाद साफ संकेत मिल रहे हैं कि वे सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे और नई सरकार को अनुभव के आधार पर मार्गदर्शन देते रहेंगे। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि बिहार की अगली सरकार का नेतृत्व किसे सौंपा जाएगा।