लखनऊ: लखनऊ के बंथरा इलाके में एक निजी अस्पताल में भर्ती 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए करीब सात घंटे तक जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका सीता दीक्षित, बंथरा के किशुनपुर कौड़िया की रहने वाली थीं। उनका इलाज प्रसाद अस्पताल में चल रहा था। रविवार दोपहर तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भर्ती कराया गया था। पति अक्षत दीक्षित के मुताबिक, वह रात में अस्पताल में ही रुके थे। तड़के करीब 4 बजे उनकी आंख लग गई और सुबह 6 बजे उठने पर पत्नी बेड से गायब मिली। कुछ देर तलाश के बाद सीता अस्पताल की चौथी मंजिल से नीचे सीढ़ियों के पास बेसुध हालत में पड़ी मिलीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला ने खुदकुशी की है। सीसीटीवी फुटेज में वह सुबह करीब 4 बजे वार्ड से बाहर निकलती दिख रही है।
हालांकि परिवार ने अस्पताल की थ्योरी पर सवाल उठाए हैं-
फुटेज में गिरने का दृश्य नहीं
मौके पर खून के निशान नहीं मिले
शरीर पर गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं
परिजनों का आरोप है कि यह मामला आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अहम
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बंथरा पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी एंगल से जांच की जा रही है।