वडोदरा| वडोदरा की MS University of Baroda में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुआ डांस प्रदर्शन अब राष्ट्रीय स्तर पर बहस का मुद्दा बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद मामला कला, संस्कार और राजनीति के बीच उलझता नजर आ रहा है।
क्या है पूरा मामला
यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ आर्ट्स में आयोजित एक कल्चरल फेस्ट के दौरान एक छात्रा ने बेटा फिल्म के मशहूर गाने धक धक करने लगा पर डांस किया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा आयोजित बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होते ही नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया और कांग्रेस से जुड़े लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए “अभद्र” और “संस्कारों के खिलाफ” करार दिया।
विवाद बढ़ने पर छात्रा सामने आई और एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उसने कहा कि उसने साधारण साड़ी पहनकर सिर्फ कला प्रदर्शन के लिए डांस किया था। छात्रा ने माना कि गाने का चयन बेहतर हो सकता था, लेकिन यह इतना बड़ा मुद्दा नहीं था कि उसे इस तरह निशाना बनाया जाए। उसने आरोप लगाया कि उसका वीडियो उसकी अनुमति के बिना वायरल किया गया और इसे राजनीतिक रंग दे दिया गया।
छात्रा ने साफ किया कि उसका ABVP या NSUI से कोई संबंध नहीं है। उसका कहना है कि अगर उसे अंदाजा होता कि यह मामला इतना बढ़ जाएगा, तो वह यह प्रस्तुति नहीं देती। छात्रा ने बताया कि इस पूरे विवाद के बाद वह मानसिक तनाव से गुजर रही है। उसने लोगों से अपील की कि किसी भी वीडियो को शेयर करने से पहले उसके प्रभाव के बारे में जरूर सोचें।
साथ ही उसने सवाल उठाया कि बॉलीवुड गानों पर डांस करना कोई नई बात नहीं है, तो फिर इसे लेकर इतना विवाद क्यों? इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। ABVP के नेता समर्थ भट्ट ने आरोप लगाया कि NSUI एक छात्रा के वीडियो का इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडे के लिए कर रही है। उन्होंने इसे “नैरेटिव पॉलिटिक्स” करार दिया।