हरदोई। हरदोई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विकास और चुनाव—दोनों मोर्चों पर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे का जो तोहफा मिला है, वह मां गंगा का आशीर्वाद है, जो राज्य के विकास को नई रफ्तार देगा।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है और लोग बिना डर के घरों से निकलकर वोट डाल रहे हैं। पीएम के मुताबिक, पिछले कई दशकों में ऐसा माहौल नहीं देखा गया, जो अब दिखाई दे रहा है। उन्होंने इसे मजबूत होते लोकतंत्र और संविधान की शक्ति का प्रतीक बताया।
पीएम मोदी ने बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोग अपने अधिकारों को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हैं और बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं।प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में हालिया चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार में हुए चुनाव में भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि 80 से 85 फीसदी सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है।
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा कि 4 मई को आने वाले नतीजे ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और मजबूत करेंगे और देश की विकास गति को नई ऊर्जा देंगे। गौरतलब है कि इन पांचों राज्यों में अलग-अलग चरणों में मतदान हुआ है और सभी के नतीजे 4 मई को एक साथ घोषित किए जाएंगे।