पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर राजनीतिक हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के 20 से अधिक सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। इस घटनाक्रम के बाद TMC में संभावित टूट और नए राजनीतिक गुट के गठन की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों का दावा है कि सांसदों का यह समूह अलग संसदीय गुट बनाने या नई राजनीतिक इकाई के गठन पर विचार कर रहा है। लोकसभा में अलग ब्लॉक बनाने के लिए आवश्यक संख्या उनके पास मौजूद बताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है।
इस बीच, TMC सांसद काकोली घोष दस्तीदार के हवाले से दावा किया जा रहा है कि करीब 20 सांसद भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन करने के पक्ष में हैं। बताया जा रहा है कि सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर NDA के साथ जुड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि इस संबंध में पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार, ममता बनर्जी इन दिनों दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने पहुंची हैं। इसी दौरान कुछ असंतुष्ट सांसदों ने राजधानी में अलग बैठक की। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस अनौपचारिक बैठक में लगभग 20 सांसद शामिल हुए थे। इसके बाद सोमवार को भी कुछ सांसदों के बीच चर्चा जारी रही।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यदि इन दावों में सच्चाई साबित होती है तो यह TMC नेतृत्व के लिए बड़ा झटका हो सकता है। इससे पहले विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद विधायक दल के भीतर भी असंतोष खुलकर सामने आया था। विपक्ष के नेता के चयन को लेकर हुए घटनाक्रम में बड़ी संख्या में विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के बजाय दूसरे नेता का समर्थन किया था। हालांकि, सांसदों के कथित पत्र और संभावित राजनीतिक कदमों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक नहीं हुआ है। ऐसे में पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं और पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।