प्रयागराज। लोकसभा चुनाव 2024 में इलाहाबाद संसदीय सीट सुर्खियों में रह सकती है क्योंकि समाजवादी पार्टी ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के पुत्र अभिषेक बच्चन को यहां से चुनाव लड़ाने की तैयारी में है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा इस संबंध में स्थानीय पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है।
चर्चा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जल्द ही मुंबई जाकर अमिताभ बच्चन और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन से मुलाकात कर सकते हैं। अगर अभिषेक चुनाव लड़ते हैं तो चुनाव काफी दिलचस्प हो जाएगा। अमिताभ का यहां से गहरा नाता रहा है। अभिषेक के भी काफी प्रशंसक हैं। अगर वह प्रत्याशी बने तो चुनाव प्रचार में बिग बी व जया बच्चन के साथ ऐश्वर्या बच्चन का भी यहां आना तय है।
बता दें कि इलाहाबाद संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर अमिताभ बच्चन ने 1984 में लोकसभा का चुनाव जीता था। तब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं तब के दिग्गज नेता हेमवती नंदन बहुगुणा को करारी शिकस्त देकर हर किसी को चौंका दिया था। उक्त चुनाव में अमिताभ को 68 फीसदी वोट मिले, जबकि बहुगुणा को सिर्फ 25 फीसदी वोट मिले।
अभिषेक बच्चन को प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल में यमुनापार अध्यक्ष पप्पू लाल निषाद ने कहा कि यह सिर्फ चर्चा ही है। कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि अभी लोकसभा चुनाव में वक्त है। प्रत्याशी किसे बनाया जाएगा यह अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही तय होगा।
1984 वाला ही सीन होगा 2024 में
अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में अगर भाजपा वर्तमान सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी को टिकट देती है तो 1984 वाला ही सीन प्रयागराज में बन जाएगा। दरअसल तब रीता बहुगुणा के पिता हेमवती नंदन बहुगुणा ने लोकदल से एवं कांग्रेस से अमिताभ बच्चन ने चुनाव लड़ा था।