ऊना। ऊना से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक छोटी बच्ची को कथित तौर पर अमरूद तोड़ने की मामूली बात पर सीढ़ियों से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब मर्चेंट नेवी में तैनात कैप्टन रोहित जसवाल अचानक मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि बच्ची को रस्सी और चुन्नी से सीढ़ियों के साथ कसकर बांधा गया था और वह रोते हुए खुद को छुड़ाने की गुहार लगा रही थी।
“अंकल मुझे बचा लो” — बच्ची की गुहार
वीडियो में बच्ची बेहद डरी हुई नजर आती है और मदद की गुहार लगाती सुनाई देती है। आरोप है कि रिटायर्ड फौजी ने सिर्फ इसलिए उसे सजा दी क्योंकि उसने उसके घर के बाहर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ लिए थे। बच्ची की हालत देखकर भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
कैप्टन ने दिखाया साहस, बच्ची को छुड़ाया
कैप्टन रोहित जसवाल ने आरोपी से बच्ची को छोड़ने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए बच्ची को वहां से छुड़ाया और उसके परिवार को सौंप दिया। साथ ही उन्होंने पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचना दी।
कैप्टन के मुताबिक, पहले उन्होंने आरोपी को बच्ची को घसीटते देखा था, लेकिन उन्हें लगा कि वह उसकी बेटी है। बाद में लौटने पर उन्होंने देखा कि बच्ची को डंडे से पीटा जा रहा था और उसे बांधकर रखा गया है, जिसके बाद उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले में पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड फौजी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही हिमाचल प्रदेश महिला आयोग ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है। आयोग की चेयरपर्सन विद्या नेगी ने बताया कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आरोपी पर BNS की धारा 115(2), 127(2) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।