नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर हालात और गंभीर हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वह तय समय सीमा तक इस अहम समुद्री मार्ग को खोल दे, अन्यथा उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर आक्रामक अंदाज में कहा कि ईरान को मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) तक होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलना होगा। उन्होंने सख्त लहजे में चेताया कि ऐसा नहीं करने पर बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
‘पावर प्लांट डे’ और ‘ब्रिज डे’ की चेतावनी
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि अगर ईरान ने डेडलाइन तक कदम नहीं उठाया, तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और पुलों जैसे अहम ढांचों को निशाना बना सकता है। उन्होंने इसे “पावर प्लांट डे” और “ब्रिज डे” बताते हुए संकेत दिया कि संभावित हमलों में सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल हो सकता है।
बातचीत की गुंजाइश अभी बाकी
हालांकि सख्त चेतावनी के बीच ट्रंप ने यह भी कहा कि अभी बातचीत जारी है और समझौते की संभावना बनी हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि अगर ईरान रास्ता खोलने को तैयार हो जाता है, तो सैन्य कार्रवाई टाली जा सकती है।
इजरायल भी अलर्ट मोड में
इस बीच इजरायल ने भी साफ किया है कि वह ईरानी ठिकानों पर कार्रवाई के लिए तैयार है और केवल अमेरिकी संकेत का इंतजार कर रहा है। इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
ईरानी जनता को लेकर भी बयान
ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के आम नागरिक अपनी सरकार से डरे हुए हैं और अमेरिका के कड़े रुख का समर्थन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका इस मुद्दे को अधूरा छोड़कर पीछे नहीं हटेगा।