बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, नवाबगंज थाने में 10 अगस्त को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पंडरी गांव, बरौर के पास रहने वाले 27 वर्षीय विमलेश कुमार को नामजद किया गया था। आरोप है कि नाबालिग बकरी के लिए चारा लेने गई थी, तभी आरोपी उसे गन्ने के खेत में खींच ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। 12 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्रेम डेम के पास मौजूद है और वहां से निकलने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा 450 रुपये नकद भी मिले हैं। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, विमलेश कुमार नवाबगंज थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 425/26 में वांछित था। उसके खिलाफ BNS की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर ग्रेम डेम के पास घेराबंदी की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें वह घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।