जिले के शेरगढ़ इलाके में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक युवक ने महिला के शादी से इनकार करने पर उसके पूरे परिवार पर तेजाब फेंक दिया। हमले में महिला, उसका पति और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के मुताबिक गर्मी के कारण परिवार के लोग घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी छत के रास्ते घर में घुसा और मच्छरदानी के ऊपर से परिवार पर तेजाबनुमा ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। तेजाब की छींटों से चारों लोग बुरी तरह झुलस गए।
मीरगंज क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली थी कि एक परिवार पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान उमेश कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से शादीशुदा है, लेकिन वह लक्ष्मी देवी नाम की महिला से शादी करना चाहता था। महिला द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद वह नाराज चल रहा था। इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया।
घायलों को पहले शेरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल चारों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।