वाराणसी। उप्र में निकाय चुनाव जल्द ही होने हैं। उससे पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, निकाय चुनाव के पहले सुभासपा की तरह सपा कार्यकर्ताओं में भगदड़ की स्थिति बन गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी से नाराज 50 कार्यकर्ता पार्टी से अलग हो गए थे। अब सभी नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।
बीते दिन कांग्रेस पार्टी के कार्यालय राजीव भवन में समाजवादी पार्टी से पूर्व पार्षद प्रत्याशी रहे पारसनाथ यादव, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के साथ अन्य कार्यकर्ताओं, पूर्व मंत्री अजय राय व जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल के हाथों कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इन लोगो ने छोड़ा सपा का साथ, मिलाया कांग्रेस से हाथ
पारसनाथ यादव, प्रवीण यादव, गुलशन गुप्ता, ज्वाला प्रसाद, सन्तोष कुमार, सन्तोष सेठ, आशीष सिंह, अनवर खान, इमरान अहमद, राहुल यादव, गोपाल यादव, रवि यादव, बच्चेलाल गुप्ता, विनोद कुमार, गुड्डू विश्वकर्मा, सूर्य प्रताप वर्मा, जीशान खान समेत लगभग 50 लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा।
कांग्रेस का दावा संघर्ष में नाकाम हैं सपा
पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संघर्ष करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यधारा के मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी संघर्ष कर रही है। पार्टी लगातार सड़कों पर जनहित के मुद्दों पर लड़ रही है। अजय राय ने कहा कि भाजपा राज में उत्पीड़न सिर चढ़ के बोल रहा है। सच तो यह है कि जनता भाजपा से त्रस्त है।
कब होंगे ‘निकाय चुनाव’
यूपी नगर निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है। लेकिन इसके लिए प्रदेश भर में नगर निकायों के क्षेत्र का परिसीमन का कार्य किया जा रहा है।
ऐसे में माना जा रहा है कि नवंबर-दिसंबर में चुनाव हो सकते हैं। चुनाव को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण की तैयारी शुरू कर दी है। सत्ताधारी भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बसपा समेत अन्य राजनैतिक दल जोरों-शोरों से तैयारियों में जुट गए हैं।