चंडीगढ़। पंजाब के आदर्श स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद शिक्षकों का मासिक वेतन 10 हजार रुपये से बढ़कर 22 हजार रुपये हो जाएगा। सरकार के इस फैसले से राज्य के करीब 1,100 शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा। शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षक समुदाय के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की नींव रखना शिक्षकों को सशक्त बनाने से शुरू होता है।
करीब दो दशक से कम वेतन पर कर रहे थे काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद आदर्श स्कूलों के शिक्षक समुदाय की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि ये शिक्षक करीब दो दशकों से कम वेतन के बावजूद पूरी लगन और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मान ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी कर लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को दूर करने का फैसला किया है। अब उन्हें बढ़े हुए वेतन के साथ बेहतर सेवा सुविधाएं भी मिलेंगी।
केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि आदर्श स्कूलों के शिक्षकों को बढ़े हुए वेतन के अलावा केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर सुविधाएं देने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इससे उनकी सेवा शर्तों में सुधार होगा और उन्हें बेहतर कार्य वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त इन आदर्श स्कूलों में 15 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। राज्य सरकार विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने आदर्श स्कूलों के शिक्षकों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, जबकि मौजूदा सरकार ने उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है। बैठक में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, स्कूल शिक्षा सचिव सोनाली गिरि समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।