मधुबनी। बिहार के मधुबनी में डीएम की कार से बड़ी दुर्घटना हुई है। आज मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे एनएच 57 पर डीएम की कार ने कई लोगों को कुचल दिया। घटना फुलपरास थाना क्षेत्र में हुई है।
दरभंगा से मधेपुरा की ओर जा रही डीएम की गाड़ी ने फुलपरास पुरवारी टोला के पास एक महिला और उसकी बच्ची को कुचल दिया। इसके बाद अनियंत्रित कार ने एनएच के किनारे काम कर रहे दो मजदूरों को भी शिकार बना लिया। आरोप है कि हादसे के बाद डीएम और चालक कार छोड़कर भाग गए। हादसे के बाद कार रेलिंग से टकरा गई।
हादसे में मां-बच्चे और मजदूर की मौत
फिलहाल मृतकों पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन हादसे में सड़क पेंट करने वाले एक मजदूर, एक महिला और एक बच्चे की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह डीएम विजय प्रकाश मीणा का वाहन दरभंगा से लौट रहे थे। एनएच 57 पर पुरवारी टोला के पास सबसे पहले डीएम के वाहन ने सड़क पर उजली पट्टी रंग रहे एक मजदूर को कुचला।
2 की हालत गंभीर
भगाने के क्रम में वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क की दूसरी तरफ जाकर एक महिला और उसके साथ जा रहे बच्चे को भी कुचल दिया। तीनों की मौत मौके पर ही हो गई। हादसे में एक अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल है। नाजुक हालत में उसे डीएमसीएच रेफर किया गया है।
हादसे पर फिलहाल मधेपुरा जिला प्रशासन कुछ भी बोलने में असमर्थता जता रहा है। डीएम कहां से आ रहे थे और हादसा कैसे हुआ इस संबंध में फिलहाल संशय बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डीएम की गाड़ी में डीएम, चालक, एक बॉडीगार्ड और एक लड़की थी। घटना के बाद कोई बाइक वहां आई और उन्हें लेकर चली गई।