इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार और झारखंड से करीब 20 हजार करोड़ रुपये का टैक्स कलेक्शन किया है। विभाग के मुताबिक, दोनों राज्यों में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स चुकाने वालों में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शीर्ष पर रहे। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (बिहार-झारखंड) डॉ. डी. सुधाकर राव ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि कुल टैक्स कलेक्शन में से करीब 12 हजार करोड़ रुपये सिर्फ झारखंड से प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में कुल टैक्स वसूली लगभग 20 हजार करोड़ रुपये रही।
70 फीसदी टैक्स टीडीएस से मिला
डॉ. राव ने बताया कि कुल टैक्स कलेक्शन का लगभग 70 फीसदी हिस्सा टीडीएस यानी स्रोत पर कर कटौती के जरिए आया। उन्होंने कहा कि बिहार और झारखंड में कुल 5.5 करोड़ पैन धारक हैं, लेकिन इनमें से केवल 40 लाख लोग ही आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में महेंद्र सिंह धोनी दोनों राज्यों के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सपेयर रहे। हालांकि, विभाग की ओर से उनके टैक्स भुगतान की सटीक राशि साझा नहीं की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी ने वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 38 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में जमा किए थे।
इन कंपनियों ने दिया सबसे ज्यादा टैक्स
इनकम टैक्स विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बिहार और झारखंड की कंपनियों में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL), भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) और CMPDI सबसे ज्यादा टैक्स देने वाली कंपनियों में शामिल हैं।
आईपीएल से भी ले सकते हैं संन्यास
महेंद्र सिंह धोनी ने 2019 विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वह अभी भी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं। फिलहाल वह पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जिसके कारण 2026 आईपीएल सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि, वह टीम के साथ लगातार अभ्यास कर रहे हैं। माना जा रहा है कि मौजूदा आईपीएल सीजन उनका आखिरी सीजन हो सकता है।