प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के कटरा इलाके में कुछ युवकों द्वारा बम फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना रात के समय की है। बाइक पर सवार तीन युवक अशोक साहू के घर पर एक के बाद एक तीन देसी बम फेंके। इस घटना से इलाके के लोग दहशत में आ गए। दिलचस्प बात ये है कि इसके पीछे कोई दुश्मनी नहीं, बल्कि एक लड़की का मामला सामने आया है।
घटना के बाद ACP राजीव यादव के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसमें पाया गया कि युवक कचहरी रोड पर बाइक से गुजरते हुए एक और CCTV में दिखाई दिए। बाद में पुलिस ने युवक की बाइक का नंबर ट्रेस किया, जिससे उनकी पहचान हो गई। कर्नल गंज पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया और पूछताछ में तीनों युवकों की लोकेशन का पता चल गया और तीनों गिरफ्तार कर लिए गए।
पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि इन युवकों का अशोक साहू से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। दरअसल, अदनान नामक युवक की गर्लफ्रेंड उसी इलाके में रहती थी, जिसने हाल ही में मोहल्ले के विरोध के कारण अदनान से बात करना बंद कर दिया था। इस बात से नाराज होकर अदनान ने अपनी गर्लफ्रेंड को धमकी दी थी कि अगर वह बात नहीं करेगी, तो वह पूरे मोहल्ले को बम से धुआं-धुआं कर देगा। शराब के नशे में चूर तीनों युवकों ने इस धमकी को सच करने के लिए अशोक साहू के घर पर बम फेंक दिए, ताकि इलाके में दहशत फैलाई जा सके।