बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर से सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले के मुख्य आरोपी मयंक सैनी उर्फ ‘दुग्गी’ को सोमवार को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में दबोच लिया गया।
दरअसल, 25 अप्रैल की रात खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक जिम में बर्थडे पार्टी चल रही थी। इसी दौरान केक चेहरे पर लगाने को लेकर मामूली विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बात इतनी बढ़ गई कि गोलीबारी हो गई और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
बरामदगी के दौरान भागने की कोशिश, पुलिस पर चलाई गोली
पुलिस पूछताछ में आरोपी मयंक ने बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा फ्लाईओवर के नीचे छिपा रखा है। सोमवार को जब पुलिस और स्वाट टीम उसे बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुंची, तभी उसने अचानक भागने की कोशिश की और छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मयंक के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
अवैध हथियार बरामद, अस्पताल में भर्ती आरोपी
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हाई-प्रोफाइल ट्रिपल मर्डर केस में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सीओ खुर्जा शोभित कुमार के मुताबिक, “मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”