पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले एक बड़े कोचिंग संस्थान के संचालक और शिक्षक रोशन आनंद को पुलिस ने हिरासत में लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात हुई पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले में शामिल कुछ लोग कथित तौर पर रोशन आनंद के कोचिंग संस्थान से जुड़े हुए थे।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि खान सर और रोशन आनंद के संस्थानों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर प्रतिस्पर्धा और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी विवाद के बीच यह घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने कोचिंग संस्थान के बाहर जमकर हंगामा किया और पथराव भी किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमला पूर्व नियोजित था या नहीं।
रोशन आनंद पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़े शिक्षकों में गिने जाते हैं। वह ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक बताए जाते हैं। पुलिस ने उनके अलावा कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।