रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार के बजट की जमकर तारीफ की है. सीएम साय ने कहा कि मोदी सरकार 3.0 कार्यकाल के मंगलवार को पेश हुए बजट में ‘अमृतकाल विजन- 2047’ की स्पष्ट झलक देखने को मिल रही है. विकसित भारत के लिए यह बजट मील का पत्थर साबित होगा.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ”देश के गरीब, युवा, किसान, महिलाओं के चहुंमुखी विकास पर केंद्रित यह बजट छत्तीसगढ़ के हर वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है और राज्य के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. बजट की घोषणाओं को राज्य में तेजी से लागू किया जाएगा ताकि छत्तीसगढ़ के लोगों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके.”
उन्होंने ये भी कहा, ”छत्तीसगढ़ को इस बजट से विभिन्न क्षेत्रों में लाभ मिलेगा और राज्य की विकास यात्रा को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाएगा. इस बजट से राज्य के लोगों को नई उम्मीदें और संभावनाएं मिली हैं, जो छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में सहायक होंगी. इस सर्वसमावेशी बजट के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का हृदय से अभिनंदन करता हूं.”
सीएम विष्णुदेव साय ने इसे महिला सशक्तिकरण वाला बजट बताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ”महिलाओं और बालिकाओं को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इससे छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सुरक्षा मिलेगी. यह बजट महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.”