पटना। लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान का दावा है कि जल्द ही बिहार की महागठबंधन की सरकार टूट सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के कई विधायक और सांसद NDA के संपर्क में है। पासवान ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री अपने विधायक और सांसदों से मुलाकात कर रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि उन्हें उनकी पार्टी टूटने का डर है।
चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि जो दूसरों के दल को तोड़ता है उसे अपनी पार्टी टूटने का डर हमेशा लगा रहता है। कल रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा पहुंचे चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए ऐसा दावा किया।
डर लग रहा, इसलिए वन टू वन मीटिंग कर रहे नीतीश
नीतीश कुमार पर हमला भी बोलते हुए पासवान ने कहा कि जिसकी जैसी करनी होती है, वैसी ही उनको भरना होता है। आज तक नीतीश कुमार दूसरी पार्टियों के विधायक और सांसद को तोड़ते थे, अब उन्हें डर लग रहा है। इसलिए अपने सांसद और विधायकों के साथ वन टू वन मीटिंग कर रहे हैं।
अपने ही गृह जिलों में नीतीश कुमार का हो रहा विरोध
चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के विधायकों, सांसदों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा, क्योंकि वह क्षेत्र में जाते हैं, मुख्यमंत्री तो क्षेत्र में जाते नहीं है। हमारी पीढ़ी को यह याद भी नहीं कि नीतीश कुमार ने पिछली बार कब विधान सभा या लोकसभा का चुनाव लड़ा था।
उन्होंने कहा अब तो उनके गृह जिला में ही उनका विरोध हो रहा है। बिहार को बचाना है, विकसित राज्य बनाना है तो एक ही समाधान है, नीतीश कुमार सत्ता से हटें। जो मुख्यमंत्री आज अहंकार में हैं उन्हें समझना चाहिए सत्ता अहंकार से नहीं बल्कि जनता के समर्थन से चलती है।