रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की 56 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खाते में सोमवार को बढ़ी हुई 2500 सम्मान राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। नामकुम के खोजाटोली के ट्रेनिंग ग्राउंड में आयोजित राज्यस्तरीय मंईयां सम्मान कार्यक्रम में जैसे ही बटन दबाकर मंईयां सम्मान योजना की लाभुकों के खाते में पैसे ट्रांसफर किए, महिलाएं खुशी से झूम उठीं।
झारखंड सरकार ने झारखंड की आधी आबादी को सशक्त बनाने के उद्देश्य इस अभियान की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने राज्य की 56,61,791 महिलाओं के बैंक अकाउंट में 1415 करोड़ 44 लाख 77 हजार रुपए डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजे।
हेमंत सोरेन ने कहा कि महिला और पुरुष एक हल के दो बैल होते हैं। जब तक दोनों साथ नहीं चलेंगे, तब तक खेती नहीं होगी। इसलिए देश और राज्य के विकास की कल्पना महिलाओं को ध्यान में रखे बगैर नहीं की जा सकती है। हमने जो कदम उठाया है। आने वाले समय में देश के अन्य राज्य भी उसका अनुसरण करेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए योजनाएं बहुत बनीं, लेकिन महिलाओं का विकास नहीं हुआ. झारखंड की महिलाओं में पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चलने की क्षमता है।
हेमंत सोरेन ने महिलाओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने चुनाव में कमाल कर दिया। आपने हमें जो आशीर्वाद और सम्मान दिया उससे हम अभिभूत हैं। हमने वादा किया था कि राज्य की आधी आबादी को उनका हक-अधिकार दिलाएंगे। उनके सपनों को पूरा करने में हम मदद करेंगे।