हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री जल्द ही अंबाला का दौरा कर सकते हैं, जहां वे शहीद स्मारक का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके अलावा पंजाब और पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर भी रणनीति पर मंथन हुआ।
सीएम सैनी का यह दिल्ली दौरा अचानक तय हुआ। पहले उनके अन्य कार्यक्रम निर्धारित थे, लेकिन दिल्ली से बुलावा आने के बाद वे तुरंत रवाना हो गए। उनके इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि आगामी पंजाब चुनाव को लेकर केंद्रीय नेतृत्व उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकता है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम में पिछले कुछ दिनों में कई बार बदलाव किया गया। पहले 2 अप्रैल को उनका पश्चिम बंगाल दौरा प्रस्तावित था, जिसे बाद में रद्द कर वे चंडीगढ़ में विभिन्न बैठकों में शामिल हुए। इसके बाद फिर शेड्यूल बदलते हुए उन्हें दिल्ली बुलाया गया। वे सुबह करीब 10 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से राज्य विमान के जरिए दिल्ली पहुंचे।
हरियाणा में 2024 में जीत के बाद बीजेपी के प्रमुख चेहरों में शामिल हुए नायब सैनी पिछले एक महीने से लगातार पंजाब के दौरे कर रहे हैं। इन दौरों के दौरान वे राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ गांवों और कस्बों में आम लोगों से संवाद भी कर रहे हैं। कई मौकों पर वे केसरिया पगड़ी में नजर आए और मंच से पंजाबी व हरियाणवी के मिश्रण में लोगों को संबोधित किया।
पार्टी के मुताबिक, सैनी का यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों का हिस्सा है। वे खुद को एक सामान्य कार्यकर्ता बताते हुए पंजाब में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर हमले से लेकर नए नेताओं को पार्टी में शामिल कराने तक, वे लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, नायब सैनी पिछले एक साल में 35 से अधिक बार पंजाब का दौरा कर चुके हैं। बीजेपी उन्हें ऐसे नेता के रूप में देख रही है, जो हरियाणा से बाहर निकलकर पंजाब में पार्टी की स्थिति को मजबूत कर सकते हैं।