उत्तर प्रदेश पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स की मेरठ फील्ड यूनिट और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान कुख्यात उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आशु उर्फ मोंटी, हापुड़ के मीरापुर कला का निवासी है और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और लूट समेत करीब 36 गंभीर मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसने मुरादाबाद के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और जानलेवा हमला भी किया था। इसी मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आशु वर्ष 2010 में पहली बार हत्या के मामले में जेल गया था। वहीं उसकी पहचान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात उधम सिंह गैंग से हुई। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने अपराध की दुनिया में सक्रिय होकर गैंग के लिए हत्या और लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक स्विफ्ट कार, 32 बोर की फैक्ट्री मेड पिस्टल और रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक के साथ भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं।
आशु के खिलाफ मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में भारतीय दंड संहिता (IPC) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।