जींद जिले में प्रस्तावित धन्यवाद एवं विकास रैलियों के तहत नायब सिंह सैनी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 4 अप्रैल को सफीदों की नई अनाज मंडी में रैली आयोजित होगी, जबकि 5 अप्रैल को जींद में एकलव्य स्टेडियम के सामने ग्राउंड में कार्यक्रम होगा। प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि 5 अप्रैल को होने वाली रैली में मुख्यमंत्री 196 करोड़ 65 लाख 18 हजार रुपये की लागत से 15 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें 140 करोड़ 87 लाख 8 हजार रुपये की लागत से 12 परियोजनाओं का शिलान्यास और 55 करोड़ 78 लाख 10 हजार रुपये की लागत से तीन परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
उद्घाटन होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में हैबतपुर स्थित संत शिरोमणि श्री धन्ना भगत राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में ओपीडी सेवाओं की शुरुआत, जींद डिस्ट्री नंबर-4 का पुनर्निर्माण और सूक्ष्म सिंचाई व सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई योजनाएं शामिल हैं।
वहीं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में मनोहरपुर में परचेज सेंटर, ऑफिसर कॉलोनी में 56 आवासीय इकाइयों का निर्माण, विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण, पानीपत-सफीदों-जींद मार्ग का फोरलेन निर्माण, कंडेला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और समेकित सैनिक सदन का निर्माण प्रमुख हैं। इसके अलावा मनोहरपुर ड्रेन खुदाई और जल आपूर्ति से जुड़ी कई योजनाओं की भी शुरुआत होगी।
4 अप्रैल को सफीदों में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री करीब 40 करोड़ 45 लाख 96 हजार रुपये की लागत से नौ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें 19 करोड़ 30 लाख 83 हजार रुपये की छह परियोजनाओं का उद्घाटन और 21 करोड़ 15 लाख 13 हजार रुपये की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। सफीदों में राजकीय महाविद्यालय में नए कक्ष, हांसी ब्रांच पर घाट निर्माण, ड्रेन और नालों के पुनर्निर्माण जैसे कार्य भी किए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले में पांच डीएसपी और करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सफीदों अनाज मंडी में हेलीपैड भी तैयार किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इन रैलियों के जरिए जिले को 250 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।