लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के एजेंडे में कभी गरीब और आम जनता प्राथमिकता नहीं रहे। सीएम योगी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए ‘साफ’ कर देगी।
लखनऊ में मध्याह्न भोजन योजना के रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा सुविधा के कार्ड वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भोजन बनाने वाले रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम योगी ने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की सहायता, पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने की घोषणा की।
‘सपा के एजेंडे में गरीब मुद्दा नहीं था’
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि गरीबों के हित में किए जा रहे काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन पिछली सरकारों की प्राथमिकताएं अलग थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के एजेंडे में गरीब कभी मुद्दा नहीं रहा। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘बबुआ’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का कहना है कि उनके परिवार के कई लोग सांसद हैं, इसलिए पार्टी मजबूत है। इसके जवाब में योगी ने कहा कि सपा की स्थिति इसलिए ऐसी है क्योंकि जनता अगले चुनाव में उसे हमेशा के लिए ‘साफ’ कर देगी।
अखिलेश के डेली रूटीन पर भी तंज
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव की दिनचर्या को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जब कोई दोपहर में सोकर उठे, दो बजे तक तैयार हो, शाम को व्यायामशाला जाए और फिर महफिल जमाए, तो उसके पास प्रदेश की समस्याओं के लिए समय कहां से होगा। योगी ने कहा कि उनकी सरकार के पास जनता की समस्याओं के समाधान और प्रदेश के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट योजना है।
2017 से पहले के यूपी का किया जिक्र
सीएम योगी ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए सपा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस समय गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे, बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी और प्रदेश में दंगे आम बात थे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हो चुका है और बेहतर कानून-व्यवस्था के चलते प्रदेश में विकास को गति मिली है।
‘ऑपरेशन कायाकल्प’ का भी किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में हुए बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले कई सरकारी विद्यालय बदहाल और वीरान नजर आते थे, लेकिन अब ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत 19 मानकों के आधार पर स्कूलों में जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
अखिलेश ने शनिवार को बीजेपी पर साधा था निशाना
सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है जब शनिवार को अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरक्षण को लेकर निशाना साधा था। अखिलेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी आरक्षण खत्म करना चाहती है। अखिलेश यादव ने कहा था कि आरक्षण PDA का अधिकार है और ‘समीक्षा’ व ‘सुधार’ जैसे अस्पष्ट शब्दों का इस्तेमाल कर पीडीए समाज के खिलाफ साजिश की जा रही है।