लखनऊ। उप्र विधानसभा में आज पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महंगाई को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने विधानसभा में आवारा पशुओं, आलू और मंडी व अंडे की मार्केट का भी मुद्दा उठाया।
आवारा पशुओं का मुद्दा उठाया
अखिलेश यादव ने आवारा पशुओं के मुद्दे पर सरकार से सवाल किया कि आप इस पर काम क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या आपके पास बजट की कमी है। अगर कुछ नहीं हो सकता है तो कम से कम सांड सफारी ही बना लें।
‘सांड के हमले से कई जिलों में लोगों की जान गई’
नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा कोई जिला नहीं बचा जहां पर सांड से किसी की जान न गई होगी। संभल, मुरादाबाद, चंदौसी, हसनपुर और कितने नाम बताऊं आपको जहां सांड के हमले से जान न गई हो।
उठाया गुलदार और टाइगर का मुद्दा
इसके साथ ही अखिलेश ने गुलदार और टाइगर का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि किसान इस कारण से खेतों में काम नहीं कर पा रहा है। इन्होंने कम से कम 40 लोगों की जान ली और अभी तो मैं साड़ की बात नहीं कर रहा। अगर किसान डर के कारण छह सात महिने से किसान खेत में नहीं जा पा रहे हैं तो ये सरकार कर क्या रही है? इससे संबंधित विभाग कर क्या रहा है?
टाइगर रिजर्व में कई लोगों की जान गई
अखिलेश ने कहा कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में कई लोगों की जान चली गई। आखिर सरकार कर क्या रही है। समाजवादी सरकार में उन्हें सरकार की ओर से मुआवजा देती थी वो भी 10 से 15 लाख रुपये।