गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय उस शातिर गैंग के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो सीसीटीवी कैमरों और लोगों की नजरों से बचने के लिए महिला का भेष धारण कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इससे पहले पुलिस गैंग के एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान उर्फ रियासत और राशिद खान के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 22 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नौ चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है।
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी चोरी करने से पहले महिला का वेश धारण कर लेते थे, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। साथ ही यह तरीका उन्हें सीसीटीवी कैमरों की पहचान से बचने में भी मदद करता था। जांच में सामने आया है कि गैंग के सदस्य अरबाज ने महिला का भेष धारण कर चोरी करने का तरीका अपनाने का सुझाव दिया था। वह घर की महिलाओं के कपड़े पहनकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक राशिद खान ई-रिक्शा चालक है और वह गैंग के अन्य सदस्यों को वारदात स्थल तक पहुंचाने और वापस लाने का काम करता था। पूछताछ में गैंग से जुड़े कई अहम सुराग भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।