बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीजराल होटल के पास कार और ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और एक बालिका शामिल हैं। सभी मृतक हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं और प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे में घायल हुई बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सभी शवों को श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों की आधिकारिक पहचान और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।