वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) में विभिन्न अधिकारियों और विशेषज्ञों की तैनाती तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक कर दी गई है।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों की जिम्मेदारी खाद्यान्न, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखना होगी। साथ ही खाद्य एवं रसद से जुड़ी सूचनाओं का नियमित संकलन, विश्लेषण और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
निर्धारित रोस्टर के तहत तैनात अधिकारी और विशेषज्ञ प्रतिदिन आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों को आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में खाद्यान्न, एलपीजी और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा हालात पर लगातार निगरानी रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में खाद्य और आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पूरी स्थिति पर सतर्कता से नजर बनाए हुए है। सरकार का मानना है कि इस पहल से खाद्य एवं रसद आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना करने में मदद मिलेगी।