गोंडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जिले को 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा जनसभा को संबोधित करते हुए विकास और सुशासन को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोंडा की पहचान देश के सबसे गंदे शहरों में होती थी, लेकिन आज यह शहर स्वच्छता और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जो सरकार और जनप्रतिनिधि विकास का काम करें, उनका समर्थन करना चाहिए, क्योंकि विकास ही वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोंडा में मेडिकल कॉलेज का सपना आज साकार हो चुका है। इसके अलावा जिले में इंजीनियरिंग और कृषि महाविद्यालय भी स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण चल रहा है और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अन्य अस्पतालों का भी विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सही सरकार चुनने से सकारात्मक परिणाम मिलते हैं, जबकि गलत नेतृत्व विकास को बाधित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोंडा न केवल स्वच्छ हुआ है, बल्कि विकास की नई रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है और अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि पहले विकास कुछ खास क्षेत्रों तक सीमित रहता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने विकास योजनाओं को पूरे प्रदेश में समान रूप से पहुंचाने का प्रयास किया है। मेडिकल कॉलेजों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि केवल एक क्षेत्र विशेष को प्राथमिकता देने के बजाय गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, अंबेडकर नगर और सुल्तानपुर समेत अनेक जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश के लगभग हर जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण या संचालन की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और बुनियादी सुविधाओं का लाभ प्रदेश के हर नागरिक तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया और गोंडा के समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।