कुरुक्षेत्र। हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नायब सिंह सैनी सरकार ने बड़ी घोषणा की है। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार प्रदेशभर में सभी फसलों को अब न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर खरीदेगी। यहां गौर करने वाली बात यह है कि हरियाणा में पहले से ही 14 फसलों की MSP पर खरीद होती थी। सीएम नायब सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए किसानों को साधा। उन्होंने किसानों का 133 करोड़ 55 लाख रुपये का कर्ज माफ करने का ऐलान किया। इसके साथ ही कहा कि किसान पुराने बंद हो चुके ट्यूबवेलों को दूसरी जगह लगा सकेंगे।
सीएम ने थानेसर अनाजमंडी में आयोजित बीजेपी की विजय शंखनाद रैली में शंख बजाकर चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। साथ ही दावा किया कि हरियाणा में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी। सीएम ने कहा कि जो लोग हिसाब मांग रहे हैं, उन्हें बताना चाहते हैं कि हमने अग्निवीर योजना में हरियाणा में 10 प्रतिशत का आरक्षण दिया है। हमने सूर्य योजना के तहत सोलर योजना शुरू की हुई है।
सीएम ने कहा कि हरियाणा में सरकारी विभागों में 40 हजार पद भरे जा रहे हैं। बीजेपी सरकार ने 10 साल में 1 लाख 41 हजार युवाओं को नौकरी दी है। पंचायतों में 21 लाख तक का काम सरपंच करवा सकते हैं। हमारी सरकार ने 5 लाख रुपए तक इलाज फ्री करने का काम किया है। जो युवक बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी लगे हैं, वे हमारा हिसाब दे रहे हैं। सीएम ने कहा कि 90 विधानसभा क्षेत्रों में रैली करेंगे। शंखनाद रैली से चुनाव का आगाज हो चुका है।