दौसा। दौसा में लालसोट विधानसभा के डूंगरपुर गांव में पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थानीय लोक देवी-देवताओं के जयकारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और कहा कि यह क्षेत्र पूर्वी राजस्थान का क्षेत्र है और मैं भी इसी क्षेत्र से आता हूं।
उन्होंने कहा कि यहां किसानों के पास जमीन तो है लेकिन कमी थी तो पानी की। हमने हमारे संकल्प पत्र में वादा किया था और राजस्थान में पानी के लिए ईआरसीपी का एमओयू साइन कर दिया। जल्दी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईआरसीपी परियोजना का शिलान्यास करेंगे और इसका फायदा दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, करौली और भरतपुर समेत 13 जिलों को मिलेगा।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक कांग्रेस ने राज किया है, उन्होंने गरीबी हटाओ जैसा नारा दिया था लेकिन उनका गरीबों के साथ कोई रिश्ता नहीं रहा।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार महिला युवा किसान और मजदूर की सरकार है इसलिए मैं विशेषकर उन युवाओं से कहना चाहता हूं, जो किसानों के बेटे हैं, जिनके माता-पिता को उनसे उम्मीदें हैं वे आगे आकर अपने घर और परिवार का सहारा बनें। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इसीलिए मैंने इस साल बजट में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया है, हम 5 साल के दौरान पूरी 5 लाख नौकरियां देंगे।