चड़ीगढ़। हरियाणा के आदमपुर निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा है। बताया जा रहा है की वह आज ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस सीट पर होने वाले उपचुनाव में कुलदीप बिश्नोई अपने बेटे को मैदान में उतार सकते हैं। बिश्नोई ने भाजपा से अपने लिए हिसार लोकसभा सीट से टिकट मांगा है।
राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग
गौरतलब है की कुलदीप बिश्नोई को जून में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के तुरंत बाद कांग्रेस ने सभी पार्टी पदों से निष्कासित कर दिया था। चार बार के विधायक और दो बार के सांसद रहे बिश्नोई पहले से ही पार्टी से नाराज चल रहे थे।
इस साल की शुरुआत में पार्टी के द्वारा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नजरअंदाज करने के बाद बिश्नोई ने बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था। बता दें कि कुलदीप बिश्नोई हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के छोटे बेटे हैं। उन्होंने इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी छोड़ी थी।