नोएडा| नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में एक पिज्जा दुकान संचालक पर पिज्जा बनाते समय कथित रूप से थूकने का आरोप लगने के बाद हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला सेक्टर-22 स्थित चौड़ा गांव का बताया जा रहा है, जहां “पिज्जा हंट” नाम से एक दुकान संचालित की जा रही थी। वायरल वीडियो में एक युवक पिज्जा तैयार करते समय कथित रूप से अनुचित हरकत करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई।
विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने लिया एक्शन
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और दुकान के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान मुजम्मिल पुत्र शाकिर के रूप में हुई है, जो गिझोड़ इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी उम्र करीब 30 साल बताई गई है।
वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
थाना सेक्टर-24 पुलिस के मुताबिक, 10 मई 2026 को सोशल मीडिया के जरिए वायरल वीडियो की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जाएगी ताकि उसकी सत्यता की पुष्टि की जा सके। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।