झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रशासनिक सेवा के संयुक्त सचिव पद पर हाल ही में प्रोन्नत हुए अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे सरकार के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनहित और सुशासन से जुड़ी योजनाओं को आम लोगों तक पारदर्शी और त्वरित तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाएंगे तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में प्रवीण प्रकाश, विद्या भूषण कुमार, सचिंद्र बड़ाईक, प्रेम तिवारी, सत्यवीर रजक, सुमन पाठक, अमित बेसरा, महेंद्र कुमार, मोनी कुमारी, मोनिका रानी टूटी, रंजीत लोहरा, विजय विरुआ, मनीषा तिर्की, एनी सरोजिनी तिर्की और गीतांजलि सहित कई अधिकारी शामिल रहे।