भगवंत मान सरकार की शिक्षा सुधार नीति के तहत पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 12वीं कक्षा के नतीजों में इस बार सरकारी स्कूलों ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। राज्य के 416 सरकारी स्कूलों ने 100 प्रतिशत रिजल्ट दर्ज किया है, जिसे पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
हाल ही में घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में लड़कियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची और पास प्रतिशत दोनों में बाजी मारी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 500 में 500 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप करने वाली मानसा की सुपनीत कौर, लुधियाना की सुहानी चौहान और दिवांशी की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने तीनों छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि सभी टॉपर छात्राएं राष्ट्रीय और राज्य स्तर की खिलाड़ी भी हैं, जो यह साबित करता है कि लड़कियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।उन्होंने कहा कि टॉप करने वाली छात्राएं साधारण परिवारों से आती हैं और अपनी मेहनत व लगन से सफलता हासिल कर रही हैं। पंजाब सरकार उनके सपनों को पूरा करने में हर संभव सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समय ने साबित कर दिया है कि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं।
राज्य सरकार के अनुसार, इस वर्ष लगभग 2.65 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से करीब 2.42 लाख छात्र-छात्राएं सफल हुए। कुल पास प्रतिशत 91.46 प्रतिशत रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत 94.73 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का परिणाम 88.52 प्रतिशत रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृतसर जिले ने सबसे अधिक 96 प्रतिशत पास प्रतिशत दर्ज किया, जबकि पटियाला जिले के सबसे ज्यादा 59 विद्यार्थी मेरिट सूची में शामिल हुए। कुल 278 मेरिट होल्डर्स में 217 लड़कियां और 61 लड़के शामिल हैं।
सरकारी स्कूलों के प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरिट सूची में शामिल 122 विद्यार्थी सरकारी स्कूलों से हैं, जो कुल मेरिट छात्रों का आधे से अधिक हिस्सा है। उन्होंने इसे पंजाब सरकार द्वारा स्कूलों के बुनियादी ढांचे, आधुनिक क्लासरूम और शिक्षा सुधारों पर किए गए निवेश का परिणाम बताया।
इस दौरान एक छात्रा ने भारतीय वायुसेना में पायलट बनने की इच्छा जाहिर की, जिस पर मुख्यमंत्री ने उसे मोहाली स्थित माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट फॉर गर्ल्स में दाखिला लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह देश की अपनी तरह की अनूठी आवासीय संस्था है, जहां लड़कियों को रक्षा सेवाओं में अधिकारी बनने के लिए शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण दिया जाता है। कार्यक्रम में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, स्कूल शिक्षा सचिव सोनाली गिरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।