भंडारा: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और पिकअप वैन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, हादसा मानेगांव और पिंपलगांव के बीच भाऊ ढाबे के पास शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप वैन ट्रक में फंस गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से वाहन को अलग कराया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
भंडारा के पुलिस अधीक्षक नरुल हसन के अनुसार, हादसे में तीन बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हैं। घायलों को सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा तड़के के समय हुआ। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में पुलिस की मदद की।
छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे मृतक
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।