उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुश्तैनी जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में एक ससुर ने अपनी बहू की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।घटना इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय निशा वर्मा अपने ससुर श्रीपति वर्मा को पुश्तैनी जमीन बेचने से रोक रही थीं। बताया जा रहा है कि परिवार की कुछ जमीन पहले भी बेची जा चुकी थी और शेष जमीन बेचने की तैयारी चल रही थी, जिसका निशा विरोध कर रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
बांस के डंडे से किया हमला
पुलिस के अनुसार, गुस्से में आए श्रीपति वर्मा ने बांस के एक टुकड़े से निशा पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर गईं। आरोप है कि इसके बाद भी उन पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय निशा के पति रोहित वर्मा घर पर मौजूद नहीं थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ससुर स्वयं इब्राहिमपुर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता राजमणि वर्मा का आरोप है कि श्रीपति वर्मा पुश्तैनी जमीन बेचकर शराब पीने के आदी थे। इसी वजह से परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि जमीन बेचने का विरोध करने पर उनकी बेटी को अपनी जान गंवानी पड़ी। निशा वर्मा अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। एक बच्चे की उम्र सात वर्ष और दूसरे की चार वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक पारिवारिक विवाद ने दो मासूम बच्चों से उनकी मां छीन ली और एक परिवार को पूरी तरह बिखेर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।