राँची स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में आज राज्यस्तरीय Facility Based Severe Acute Malnutrition (F-SAM) अर्थात संस्थागत स्तर पर गंभीर तीव्र कुपोषण के उपचार एवं प्रबंधन को लेकर चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण (Training of Trainers – TOT) का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण में झारखंड के सभी 24 जिलों से चिकित्सा पदाधिकारी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं l
शिशु स्वास्थ्य कोषांग के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ विजय किशोर रजक ने बताया कि झारखंड में बच्चों में कुपोषण एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है। NFHS-6 के सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में कुपोषण की समस्या के प्रभावी निराकरण एवं बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में 100 कुपोषण उपचार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त RIMS, राँची में एक यूनिट UP-रेफरल (UP-Referral Unit) का भी संचालन किया जा रहा है।
इस चार -दिवसीय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कुपोषण उपचार केंद्रों में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना, गंभीर तीव्र कुपोषण से ग्रसित बच्चों की समय पर पहचान, समुचित चिकित्सकीय प्रबंधन, उपचार एवं निगरानी की क्षमता को सुदृढ़ करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से चिकित्सकों को गंभीर कुपोषण के मामलों में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार, पोषण संबंधी देखभाल, जटिलताओं की पहचान एवं रेफरल की प्रक्रिया के संबंध में तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक दक्षता प्रदान की जाएगी।
डॉ विजय किशोर रजक ने सभी प्रशिक्षणर्थियों को सख्त निर्देश दिया कि 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों में गंभीर तीव्र कुपोषण की समय रहते पहचान कर उन्हें उचित उपचार एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराएँ ताकि बच्चों को कुपोषण से उत्पन्न गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सके तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने और समुचित शारीरिक विकास को सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के नेशनल लेवल ट्रेनर डॉ. प्रवीण सिंह द्वारा तकनीकी सत्र संचालित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में राज्य RCH पदाधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी (Child Health) डॉ. विजय किशोर रजक,सिविल सर्जन, राँची डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, RIMS के PSM विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी सुंदरम, शिशु स्वास्थ्य परामर्शी रजनी सिंह, ट्रेनिंग कंसलटेंट सुचंद्रा पंडा, UNICEF प्रतिनिधि डॉ. दिगंबर शर्मा एवं प्रीतीश नायक तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, समन्वयक निशांत कुमार सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान गंभीर तीव्र कुपोषण के चिकित्सकीय एवं पोषण संबंधी प्रबंधन, बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन, उपचार के दौरान निगरानी, संक्रमण एवं अन्य जटिलताओं का प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण देखभाल और उपचार के बाद फॉलो-अप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आई ई सी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह ने प्रशिक्षणर्थियों को निर्देश दिया कि जिला एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कुपोषण प्रबंधन सेवाओं को और प्रभावी बनाएं, जिससे कुपोषित बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि बच्चों को कुपोषण से मुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इस दिशा में F-SAM प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में बाल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम है।