पंचकूला : हरियाणा के पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस जवानों की अटल जन सेवा मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त हरियाणा पुलिस के जवानों को प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी और कहा कि आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन जवानों को शपथ दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैराथन दौड़ एकता और शक्ति का प्रतीक है, जो हरियाणा पुलिस की अनुशासन और समर्पण भावना को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि यह बैच भारतीय पुलिस के इतिहास के सबसे बड़े बैचों में से एक है, जिसमें कुल 5,061 जवान शामिल हैं। इनमें 4,191 पुरुष और 870 महिला जवान हैं।सीएम नायब सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा पुलिस में महिलाओं की भागीदारी केवल 3 प्रतिशत थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि इस बैच में ग्रामीण पृष्ठभूमि से 4,252 और शहरी क्षेत्रों से 809 जवान शामिल हैं, जो प्रदेश की सामाजिक एकजुटता को दर्शाता है। इसके साथ ही 2,390 जवान ऐसे हैं जिनकी आयु 26 वर्ष से कम है, जो हरियाणा पुलिस को नई ऊर्जा, उत्साह और स्फूर्ति प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह युवा और सशक्त पुलिस बल प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत करेगा तथा जनसेवा के संकल्प को पूरी निष्ठा से निभाएगा।