इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक घर में भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या सात बताई जा रही थी, जिसे बाद में बढ़ाकर आठ कर दिया गया। हादसे के दौरान एक बच्चे का शव भी मलबे से बरामद हुआ।
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट हुआ, जिससे आग भड़क गई और तेजी से पूरे मकान में फैल गई। घर के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें से कुछ में धमाके भी हुए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
बताया जा रहा है कि यह मकान मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का व्यवसाय करते थे। घर में ज्वलनशील केमिकल भी रखे हुए थे, जिसने आग को और तेज कर दिया। इस हादसे में मनोज पुगलिया समेत सिमरन, विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि और छोटू सेठिया की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं, तीन लोगों—सौरभ, सुनीता और सोनिल—को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह अचानक चीख-पुकार सुनाई दी, जिसके बाद लोग बाहर निकले तो देखा कि घर आग की लपटों में घिरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी और खुद भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।