नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी अपने ही घर में मृत पाई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई, जिसमें मोबाइल चार्जिंग केबल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि हत्या से पहले युवती से दुष्कर्म भी किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
मामले में शक की सुई घर के एक पूर्व घरेलू कर्मचारी की ओर जा रही है, जिसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से हटा दिया गया था। पुलिस को संदेह है कि यह वारदात बदले की भावना से की गई हो सकती है। संदिग्ध की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और उसकी लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवती के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे और सुबह जिम गए हुए थे। मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।